उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। खराब मौसम के चलते तीन जिलों में लैंडस्लाइड हुई है, जबकि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में टौंस नदी पर बना नया पुल भारी बारिश के कारण धंस गया, जिससे आवाजाही प्रभावित हो गई। यह पुल पिछले वर्ष आपदा में पुराने पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद हाल ही में दोबारा शुरू किया गया था।
इसके अलावा देहरादून के कई इलाकों में घरों में पानी भर गया है, कई राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। खराब मौसम को देखते हुए छह जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।