अग्निपथ योजना को लेकर पांचवें दिन भी छिटपुट विरोध जारी रहा| प.बंगाल, पंजाब और मुंबई के कुछ इलाकों में प्रदर्शन किए गए| हालांकि, कोई बड़ी क्षति की सूचना नहीं है।अग्निपथ योजना की घोषणा के बाद देशभर में प्रदर्शन का दौर जारी है| रविवार को पंजाब के कई जिलों में इस योजना के विरोध में प्रदर्शन किया गया| वहीं लुधियाना जिले में भी करीब दो दर्जन संदिग्ध युवाओं ने रेलवे स्टेशन के बाहर और भीतर तोड़फोड़ की| इस दौरान उन्होंने खिड़कियों और दरवाजों को क्षति पहुंचाई जिसके बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर उन्हें हिरासत मे ले लिया| स्टेशन पर की गई तोड़फोड़ के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति पर काबू पाया।
क्या है अग्निपथ योजनाः
केंद्र सरकार ने बीती 14 जून को एक बड़ी महत्वाकांक्षी योजना लॉन्च की। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय युवाओं के लिए सशस्त्र बलों में सेवा के लिए एक आकर्षक भर्ती योजना ‘अग्निपथ’को मंजूरी दी। इसमें अग्निवीर युवाओं को कम उम्र में सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार के काबिल भी बनाया जाएगा। इस दौरान उन्हें शानदार वेतन भी मिलेगा। पहले साल 46 हजार युवक-युवतियों की भर्ती जाएगी। यहां संख्या हर साल कम या ज्यादा हो सकती है। यह योजना सेना भर्ती रैलियों की जगह लेगी।
अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर बनने के मानदंड-
इच्छुक युवक-युवती का भारतीय नागरिक होना जरूरी है।
आवेदक की उम्र साढ़े 17 साल से 23 साल के मध्य होना चाहिए।
साथ ही आवेदक उम्मीदवार का 10वीं या 12वीं पास होना जरूरी है। जो 10वीं पास होंगे, उन्हें प्रशिक्षण के दौरान कक्षा 12वीं पढ़ाई भी कराई जाएगी।
चार साल के कार्यकाल में पहले छह महीने ट्रेनिंग दी जाएगी, इसके बाद सेना के जवानों के साथ देश सेवा का मौका मिलेगा।
वही अग्निवीरों का चार वर्षीय सेवाकाल खत्म होने के बाद वे इच्छानुसार रेगुलर काडर के लिए आवेदन कर सकेंगे। रेगुलर काडर में कुल अग्निवीरों में से अधिकतम 25 फीसदी को जगह मिलेगी। प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद घर भेज दिया जाएगा। जिन जवानों को सेवा से मुक्त किया जाएगा, उन्हें स्वरोजगार के काबिल बनाया जाएगा। साथ ही सशस्त्र बलों और अन्य सरकारी सेवाओं की भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही अग्निवीर को पूर्व सैनिक कोटे का भी लाभ मिलेगा।
Date: 19-June-2022
Penned by Reeta Joshi