पंजाब में प्रस्तावित डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक तीखी बहस छिड़ गई है। इस सीरीज के रिलीज से पहले ही इसे बैन करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस मुद्दे को उठाते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भी इस सीरीज पर रोक लगाने की मांग की है।
अब इस विवाद में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का परिवार भी खुलकर सामने आ गया है। उनके चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने सीरीज की कड़ी आलोचना करते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की है। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री बिना परिवार या सरकार की अनुमति के बनाई गई है और इसका उद्देश्य संदिग्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा मामला अभी अदालत में लंबित है, ऐसे में इस तरह की प्रस्तुति पर गंभीर आपत्ति है।
इस पूरे मामले में पंजाब पुलिस ने भी औपचारिक रूप से सूचना और प्रसारण मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है। पुलिस का कहना है कि यह सीरीज संगठित अपराध का महिमामंडन कर सकती है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। विशेष रूप से इसमें हाई-प्रोफाइल अपराधों के नाटकीय चित्रण और वास्तविक घटनाओं के संदर्भ शामिल होने की बात कही जा रही है, जिनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला की हत्या जैसी घटनाएं भी शामिल हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की सामग्री अपराध को सामान्य बनाने का खतरा पैदा कर सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास कमजोर पड़ सकते हैं। उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म से इस सीरीज को स्ट्रीम न करने और इसके ट्रेलर को भी हटाने का अनुरोध किया है।
वहीं, सीरीज के निर्माताओं ने अपने पक्ष में कहा है कि ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ किसी व्यक्ति विशेष का महिमामंडन नहीं करती, बल्कि यह दिखाने की कोशिश करती है कि कैसे महत्वाकांक्षा, सत्ता और सामाजिक सोच मिलकर एक डिजिटल अपराध तंत्र को जन्म देती है। उनके अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई को केवल एक केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत किया गया है, ताकि व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को समझा जा सके।
यह डॉक्यूमेंट्री 27 अप्रैल को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज होने वाली है। हालांकि, बढ़ते विरोध और कानूनी दखल के चलते इसकी रिलीज पर अब अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं