इन दिनों धामी एक आम आदमी की तरह अपनी दिन की सुबह की शुरुआत करते हैं। सुबह उठकर खेत जोतते हैं और लोगों से उनका हालचाल पूछने के लिए निकल पड़ते हैं। उनके टिहरी जिले के गांव तिवाड़ के कुछ वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं।

टिहरी के तिवाड़ गांव के लोग सुबह-सुबह खेतों का नजारा देख कर हैरान रह गए। खेत में पॉवर वीडर की आवाज सुन कर जब लोग खेत की ओर गए तो वहां प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने पॉवर वीडर थाम रखा था और खेत जोत रहे थे। सीएम को खेत जोतते देख लोग गदगद हो गए और गांव के बुजुर्ग उन्हें आशीर्वाद देने लगे। वहीं, सीएम ने सुबह भ्रमण के दौरान सीएम ने गांव में महिलाओं और बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को तिवाड़ गांव, ब्लॉक थौलधार, टिहरी में दिन की शुरुआत खेतों में जुताई से की। उन्होंने खेतों में पावर वीडर से जुताई की। जिसके बाद मुख्यमंत्री धामी ग्राम तिवाड़ की पगडंडियों पर मार्निंग वॉक पर निकले। इस दौरान सीएम धामी ने गांव में बने विभिन्न होमस्टे का निरीक्षण किया एवं ग्राम वासियों की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ आमजन तक पहुंचे इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। सरकार एवं आमजन के बीच परस्पर संवाद भी विकास में अपनी अहम सहभागिता निभाता है। गांव के विकास से ही उत्तराखंड का विकास संभव है।