उत्तराखंड में बिजली बिल बकाया को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आमतौर पर बिजली विभाग द्वारा गांव–मोहल्लों में वसूली अभियान चलाकर छोटे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की खबरें आती रहती हैं, लेकिन इस बार विभाग ने बड़े बकायेदारों की जो सूची सार्वजनिक की है, उसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। ऊर्जा निगम यानी उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) द्वारा अखबारों में प्रकाशित सूची में राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का नाम भी शामिल है। जारी जानकारी के अनुसार, उनके नाम पर करीब 2 लाख 98 हजार 704 रुपये का बिजली बिल बकाया है, जो बागेश्वर जिले के कौसानी स्थित उनके होटल ‘रुद्राक्ष पैलेस’ के कनेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। लंबे समय से भुगतान न होने के कारण यह राशि बकाया दर्ज की गई है।
इतना ही नहीं, धामी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत चंदन रामदास के नाम पर भी करीब 2 लाख 85 हजार 990 रुपये का बिजली बिल बकाया दर्शाया गया है। ऊर्जा निगम का कहना है कि सूची में शामिल सभी उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और बढ़ते राजस्व घाटे को देखते हुए बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक करना जरूरी था ताकि वसूली प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। फिलहाल इस खुलासे के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि सूची में शामिल बड़े नाम कितनी जल्दी भुगतान करते हैं और विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है। इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया लेने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संबंधित पक्ष से बात नहीं हो सकी।