बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इस समय इंडस्ट्री के सबसे बड़े विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। खबरों के मुताबिक FWICE यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया है। आसान भाषा में कहें तो अब संगठन से जुड़े कर्मचारी और तकनीशियन रणवीर के साथ काम नहीं करेंगे। बताया जा रहा है कि पूरा मामला Farhan Akhtar की बहुप्रतीक्षित फिल्म Don 3 से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की प्लानिंग और प्री-प्रोडक्शन पर पिछले तीन साल से काम चल रहा था, लेकिन रणवीर सिंह के अचानक प्रोजेक्ट से पीछे हटने के बाद मेकर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा। दावा किया जा रहा है कि इस फैसले से करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिसके बाद इंडस्ट्री में नाराजगी बढ़ गई।
हालांकि FWICE ने साफ किया है कि यह कोई आधिकारिक “बैन” नहीं बल्कि इंडस्ट्री नियमों के तहत लिया गया कदम है, लेकिन इसका असर रणवीर सिंह के करियर और आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स पर साफ दिखाई दे सकता है। खासकर उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर अब चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर भी फैंस दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं—कुछ लोग रणवीर का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ इसे गैर-जिम्मेदाराना फैसला बता रहे हैं। वहीं रणवीर सिंह ने अभी तक इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रणवीर सिंह इस विवाद से जल्दी बाहर निकल पाएंगे, या फिर Don 3 छोड़ने का फैसला उनके करियर के लिए बड़ी मुसीबत बन जाएगा?