16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा ‘असानी’ चक्रवात, 24 घंटे में लेगा विकराल रूप: जानें कौन से क्षेत्र होंगे प्रभावित

By New31 Uttarakhand

बंगाल की खाड़ी में बना तूफान अब ‘असानी’ चक्रवात में तब्दील होकर लगातार आगे बढ़ रहा है। इसके कारण हवाओं की रफ्तार आने वाले समय में 75 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक हो सकती है। फिलहाल ये चक्रवात 16 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। तूफान के चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश और बंगाल में जोरदार बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से व्यक्त की गई है।

ओडिशा तट के पास समुद्र की स्थिति 9 मई व 10 मई को खराब रहेगी। इस दौरान हवा की गति 80-90 किमी प्रति घंटे हो जाएगी, जो 11 मई तक बनी रहेगी। ओडिशा के तटीय जिलों और कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से में मंगलवार से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात ‘असानी’ में बदल चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चक्रवात आज शाम तक अपना असर दिखाएगा। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 घंटे के अंदर पूर्व-मध्य में भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

मछुआरों के लिए जारी हुआ अलर्ट

 भारतीय मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कहा गया है कि 10 मई तक वे पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों तक न जाएं। ओडिशा तट के पास समुद्र की स्थिति 9 मई व 10 मई को खराब रहेगी। इस दौरान हवा की गति 80-90 किमी प्रति घंटे हो जाएगी, जो 11 मई तक बनी रहेगी। 

असानी नाम क्यों पड़ा?

 इस नए चक्रवाती तूफान का नाम ‘असानी’ रखा गया है। तूफान को ये नाम श्रीलंका ने दिया है। ‘असानी’ सिंघली भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ ‘क्रोध’ अर्थात गुस्सा होता है। इस चक्रवात का नाम इसके क्रोध या गुस्से को दर्शाता है।

इन राज्यों में दिखेगा असर

 चक्रवाती तूफान असानी का असर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा दिखने के आसार हैं। इसके अलावा बिहार, झारखंड, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश में भी इसका असर दिखाई देगा। मौसम विभाग की ओर से इन सभी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया जा चुका है।

Date : 8-May-2022

Penned by Reeta Joshi

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.