उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की कांडा तहसील के बांसतोली गांव में रविवार को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ती का शव घर के समीप स्थित खेत में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कमला देवी (47) के रूप में हुई है। रविवार सुबह उनका शव घर के पास स्थित खेत में एक पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद थानाध्यक्ष बलवंत कम्बोज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।