भोजपुरी फिल्म के मशहूर अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल यादव कल एक कार दुर्घटना के शिकार हो गए थे। गुरुवार को हुए इस कार हादसे में उनकी कार के परखच्चे उड़ गए थे। वहीं अभिनेता के भाई को भी गंभीर चोटें आई थीं। एक्सीडेंट के बाद उन्हें तुरंत वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अभिनेता के भाई के साथ हुए इस हादसे के बाद हर कोई उनकी सेहत के बारे में जानने को उत्सुक है। ऐसे में अब अस्पताल में भर्ती विजय लाल यादव की पहली तस्वीर सामने आ गई है।
जबकि उनकी हालत को देख पता चल रहा है कि उनकी सेहत में पहले से कुछ सुधार है। इस तस्वीर को भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने निरहुआ के भाई की हेल्थ अपडेट फैंस के साथ साझा की और उनके जल्द ठीक होने की भी कामना की।
आम्रपाली दुबे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में उनके जल्द ठीक होने की कामना की। एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा की आप जल्दी स्वस्थ हो जाइए भैया, महादेव हमेशा आपकी रक्षा करें। तस्वीर में विजय लाल यादव अस्पताल के बिस्तर में लेटे नजर आ रहे हैं। साथ ही उनके चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वह पहले से बेहतर लग रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ जाते समय विजय लाल यादव की फॉर्च्यूनर कार दुर्घटना का शिकार हो गई। उनकी कार काफी तेज गति में जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर अपना संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार से कार सीधा डिवाइडर से जा टकराई। डिवाइडर से हुई भिड़ंत की वजह से कार हवा में 20 मीटर ऊपर उछल गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इतना ही नहीं रिपोर्ट की मानें तो जिस डिवाइडर से कार टकराई वह भी टूट गया है। अभिनेता निरहुआ ने ट्विटर के जरिए भाई के कार हादसे की खबर साझा की थी।
Date-1 july 2022
By- Himani Sharma