अगर आप दिल्ली और वाराणसी के बीच अक्सर सफर करते हैं या दिवाली-छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो रेलवे की यह खबर आपके काम की है। भारतीय रेलवे वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को रातभर के सफर में आरामदायक यात्रा के साथ समय की भी बचत हो सकती है।
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन रात 9:20 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन से रवाना होकर सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंच सकती है। वहीं वापसी में भी नई दिल्ली से रात 9:20 बजे चलकर ट्रेन अगले दिन सुबह 5 बजे वाराणसी पहुंचने की संभावना है। यानी करीब 750 किलोमीटर का सफर लगभग 8 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य है।
130 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है रफ्तार
इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। स्लीपर कोच होने की वजह से यात्री रात में आराम से सफर कर सकेंगे और सुबह अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
ट्रेन में करीब 800 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होने की बात कही जा रही है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन खास तौर पर लंबी दूरी के यात्रियों के लिए तैयार की जा रही है।
दिवाली और छठ में मिल सकती है राहत
दिल्ली-वाराणसी रूट पर दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में अगर यह ट्रेन समय पर शुरू होती है, तो त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को कुछ हद तक संभालने में मदद मिल सकती है। दिल्ली-एनसीआर से वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह ट्रेन सुविधाजनक विकल्प बन सकती है।
बताया जा रहा है कि सितंबर में इस रूट पर ट्रायल रन होने की उम्मीद है। अगर ट्रायल और अन्य तैयारियां तय योजना के मुताबिक पूरी होती हैं, तो दिवाली के आसपास यात्रियों को इस ट्रेन की सौगात मिल सकती है। हालांकि, ट्रेन के संचालन की आधिकारिक तारीख और किराए का ऐलान अभी बाकी है।