इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्में दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। इनमें इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की ‘आवारापन 2’ शानदार कमाई कर रही है। वहीं ‘बंटवारा 1947’ की रफ्तार काफी धीमी नजर आ रही है। इसी बीच हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भी सिनेमाघरों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है।
‘आवारापन 2’ ने एक हफ्ते में पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये कमाए। दूसरे दिन 33.75 करोड़, तीसरे दिन 26 करोड़, चौथे दिन 9.25 करोड़, पांचवें दिन 9.75 करोड़, छठे दिन 6.75 करोड़ और सातवें दिन 6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
इस तरह फिल्म का अब तक का कुल घरेलू कलेक्शन 113.50 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं वर्ल्डवाइड फिल्म ने 153.59 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी ने शिवम के किरदार में वापसी की है। फिल्म में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है।
खास बात यह है कि ‘आवारापन 2’ अब इमरान हाशमी के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
‘बंटवारा 1947’ की कमाई धीमी
दूसरी ओर सनी देओल, शबाना आजमी, करण देओल, प्रीति जिंटा और अली फजल स्टारर ‘बंटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
फिल्म ने पहले दिन 5.75 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 13.50 करोड़, तीसरे दिन 7.25 करोड़, चौथे दिन 2 करोड़, पांचवें दिन 2.25 करोड़, छठे दिन 1.40 करोड़ और सातवें दिन 1.35 करोड़ रुपये कमाए।
सात दिनों के बाद फिल्म का कुल कलेक्शन 33.60 करोड़ रुपये है। यानी एक हफ्ते में फिल्म 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई।
अब बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला दिलचस्प है। एक तरफ ‘आवारापन 2’ तेजी से 150 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ ‘बंटवारा 1947’ अपनी कमाई बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रही है। इसी बीच ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भी दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है।