देशभर में पेपर लीक के मामलों को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच अब उत्तराखंड की सबसे बड़ी तकनीकी यूनिवर्सिटी, उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) में भी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है।आरोप है कि दो सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले एक प्रोफेसर ने परीक्षा का प्रश्नपत्र व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा, जिसके बाद प्रश्नपत्र लीक होने की बात सामने आई। जानकारी के अनुसार, मामला विश्वविद्यालय से करीब 12 कॉलेजों में आयोजित होने वाली परीक्षाओं से जुड़ा है। अब इस घटना से हजारों छात्रों की परीक्षा की निष्पक्षता और भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेपर लीक की इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र और अभिभावक निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल विश्वविद्यालय की जांच जारी है।