हल्द्वानी के मोतीनगर बरेली रोड निवासी 16 वर्षीय प्रियांशु बिष्ट (किशोर) रविवार शाम करीब 5 बजे घर से ड्राइंग का सामान लेने की बात कहकर निकला था। जिसके बाद वह सीधे बनभूलपुरा थाना क्षेत्र स्थित गोला पुल पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पुल की रेलिंग पर चढ़ने की कोशिश की। वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और करीब 60 फीट ऊंचे पुल से नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। नदी में तेज गहराई और लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आईं जिस कारण रात अंधेरा होने पर सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह कई घंटे की तलाश के बाद SDRF ने शव नदी से बरामद किया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रियांशु ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।