रॉन्ग साइड… और फिर एक बेगुनाह की मौत! आखिर हल्द्वानी की सड़कों पर ये लापरवाही कब रुकेगी? हल्द्वानी की सड़कों पर रॉन्ग साइड से दौड़ते भारी वाहन अब सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं कर रहे… बल्कि लोगों की जान भी ले रहे हैं। आए दिन कहीं न कहीं गलत दिशा से आ रहे ट्रक, डंपर या कैंटर की वजह से हादसों की खबरें सामने आती हैं, लेकिन लगता है न चालकों में कानून का डर बचा है और न ही व्यवस्था में इतनी सख्ती कि ऐसे हादसों पर लगाम लग सके। नतीजा… किसी और की लापरवाही की कीमत हर बार एक बेगुनाह को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। ताज़ा मामला हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र का है, जहां एक बार फिर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दरअसल, गुरुवार रात लालकुआं वार्ड नंबर-4 निवासी 26 वर्षीय सिद्धार्थ सिंह अपने साथी अयान खान के साथ बाइक से मोतीनगर से गोरापड़ाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोतीनगर की तरफ जाने के लिए कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे और बाइक में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान सिद्धार्थ सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि अयान की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों वाहनों को कब्जे में लिया और ट्रक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल सिर्फ इस एक हादसे का नहीं है। सवाल यह है कि आखिर हल्द्वानी में रॉन्ग साइड से दौड़ते भारी वाहनों पर लगाम कब लगेगी? जब तक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शायद सड़कें यूं ही बेगुनाहों की जान लेती रहेंगी… और हर हादसे के बाद सिर्फ जांच और कार्रवाई के आश्वासन ही सुनाई देते रहेंगे।