भारतीय रेलवे ने 13 साल बाद नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब बिना टिकट ट्रेन में सफर करना यात्रियों को भारी पड़ सकता है। रेलवे के नए नियम 1 जुलाई 2026 से लागू होंगे।नए नियमों के मुताबिक, बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर अब 250 रुपये नहीं, बल्कि 500 रुपये जुर्माना देना होगा। जुर्माना न भरने पर मामला अदालत तक पहुंच सकता है, जहां जुर्माने के साथ जेल की सजा भी हो सकती है।दूसरे व्यक्ति के टिकट पर सफर करने वालों का टिकट जब्त किया जाएगा और उनसे पूरा किराया वसूलने के साथ 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों पर 2500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं स्टेशन या ट्रेन में बिना अनुमति घुसने पर 500 रुपये का जुर्माना देना होगा।रेलवे ने अनुशासनहीनता पर भी सख्ती दिखाई है। नशे की हालत में हंगामा करने, यात्रियों को परेशान करने या गाली-गलौज करने वालों को ट्रेन से उतारा जा सकता है। ऐसे मामलों में 1000 रुपये तक जुर्माना, 24 घंटे की जेल या सामुदायिक सेवा की सजा भी हो सकती है।इसके अलावा, रेलवे स्टेशन पर बिना लाइसेंस फेरी लगाने या भीख मांगने पर 2000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं प्रतिबंधित सामान के साथ यात्रा करने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना या नुकसान की भरपाई करनी पड़ सकती है।