स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। ‘370 की बिरयानी’ से जुड़े उनके एक क्राउड-वर्क क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते विवाद के बीच अब प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए लोगों से एक और मौका देने की अपील की है।
प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर पहले ही बात करना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था, जिसके कारण वह अपनी बात लोगों तक नहीं पहुंचा पाए।वीडियो में मोरे ने कहा, “आप सभी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा मेरा क्राउड-वर्क वीडियो देखा होगा। उस वीडियो की वजह से मुझे काफी नफरत और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। मैं मानता हूं कि लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इस आलोचना का मैं हकदार हूं।”
कॉमेडियन ने आगे कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके मजाक को लेकर लोगों में नाराजगी है और वह इसके लिए माफी मांगते हैं। साथ ही उन्होंने दर्शकों से आग्रह किया कि उन्हें अपनी गलती सुधारने का एक और मौका दिया जाए।
सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल क्लिप को लेकर कई यूजर्स ने प्रणित मोरे की आलोचना की, जबकि कुछ लोगों ने उनके माफी मांगने के कदम का समर्थन भी किया। फिलहाल इस विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।प्रणित मोरे का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल के दिनों में कई कॉमेडियनों और कंटेंट क्रिएटर्स को उनके बयानों और मंचीय प्रस्तुतियों को लेकर विवादों का सामना करना पड़ा है। अब देखना होगा कि उनकी माफी के बाद यह विवाद कितना शांत होता है।