देहरादून के परेड ग्राउंड में नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन अब और उग्र हो गया है। लंबे समय से भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग एकता मंच के समर्थन में अब महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें ज्योति रौतेला भी शामिल हैं। मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनकी मुख्य मांग है कि सरकार जल्द से जल्द नर्सिंग भर्ती में वर्षवार नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करे, ताकि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी के बीच आंदोलन ने अब उग्र रूप ले लिया है। पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वहीं प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को नीचे उतरने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील कर रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार इस आंदोलन पर क्या फैसला लेती है और नर्सिंग अभ्यर्थियों को कब तक राहत मिलती है।