फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. इस मामले में जो सच्चाई सामने आई है, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. दरअसल, नाले में मिली बच्ची के शव के मामले में जांच के दौरान पता चला है कि 18 महीने की बच्ची को किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां ने ही जिंदा नाले में फेंक दिया था.
पानी में डूबने के कारण मासूम की मौत हो गई.घटना से पहले का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला बच्ची को गोद में लेकर जाती हुई दिखाई दे रही है, लेकिन वापस लौटते समय बच्ची उसकी गोद में नहीं होती. इसी आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इस सचाई का पता चला.पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची को जिंदा नाले में फेंका गया था. बताया जा रहा है कि मृत बच्ची परिवार की छठी बेटी थी, जबकि इससे पहले उसकी पांच बड़ी बहनें हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आर्थिक तंगी इस खौफनाक कदम की वजह बताई जा रही है. बच्ची के माता-पिता धीरज नगर की झुग्गी में रहते हैं, जहां परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है.