उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान रसोई गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी को लेकर विपक्षी यानी कांग्रेस के विधायकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक सदन परिसर में एकत्र हुए और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस विधायकों का कहना है कि प्रदेश के कई इलाकों में उपभोक्ताओं को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर गैस सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि यदि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो कांग्रेस आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं सत्तापक्ष की ओर से कहा गया कि सरकार उपभोक्ताओं के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और यदि कहीं भी कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।