बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है |यहां एक महिला ने अपने सवा साल के बच्चे के साथ गंग नहर में छलांग लगा दी | गंग नहर में छलांग लगाने की वजह से गृह क्लेश बताया जा रहा है | करीब ढाई घंटे के जल पुलिस व गोताखोरों के सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है |
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बहादराबाद थाना पुलिस को सूचना मिली की रेगुलेटर पुल के पास एक महिला बच्चे को लेकर गंग नहर में कूद गई है | इस सूचना के आधार पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस को जानकारी मिली कि महिला का अपने पति से बीते कुछ दिनों से विवाद चल रहा था | गृह क्लेश के चलते महिला ने बच्चे के साथ गंग नहर में छलांग लगाई है. महिला का नाम निशा 26 वर्ष है |
जानकारी के तहत, निशा अपने पति विक्रम सिंह के साथ ब्रह्मपुरी में रहती है. दोनों का विवाह 2015 में हुआ था | परिवार मूल रूप से संभल यूपी के रहने वाला है | रविवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद निशा बच्चे को लेकर घर से बाहर चली गई और रेगुलेटर पुल पर आकर गंग नहर में छलांग लगा दी | थानाध्यक्ष बहादराबाद नितेश शर्मा ने बताया कि जल पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया | करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं. दोनों के शव पथरी पावर हाउस के पास मिले हैं |
बहादराबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है | बता दें कि गंग नहर में डूबने वाले लोगों के शव कई दिन तक नहीं मिल पाते हैं | लेकिन जल पुलिस की मुस्तैदी के चलते दोनों शव तत्काल बरामद किए गए |
Date : 22-May-2022
Penned by Reeta Joshi