कार्बेट पार्क में कई जिप्सी चालक सफारी के नियमों का उल्लघंन करने से बाज नहीं आ रहे। पर्यटकों को बाघ के नजदीक ले जाने व एक ही जगह पर जिप्सियां खड़ी करने वाले सात जिप्सी चालकों पर विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है। अगले आदेश तक इन जिप्सियों के कार्बेट में प्रवेश पर बैन लगा दिया गया है।
कार्बेट पार्क में सफारी के दौरान राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण दिल्ली की ओर से दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। बाघ को पर्यटक दूर से ही देख सकते हैं। नजदीक जिप्सी ले जाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ जिप्सी चालक मनमानी पर उतर आते हैं। कई बार बाघ के नजदीक ही कई जिप्सियां एक साथ खड़े हो जाती हैं। ऐसे में बाघ के आक्रामक होने का भी खतरा बना रहता है। बाघ के नजदीक जिप्सियों के खड़े रहने के कई फोटोग्राफ व वीडियो इंटरनेट मीडिया में अपलोड होते रहते हैं।
पार्क वार्डन आरके तिवारी ने बताया कि कार्बेट के ढिकाला पर्यटन जोन में सफारी के दौरान नियम तोडने पर सात जिप्सियों को एक सप्ताह के लिए बैन किया गया है। बाघ देखने के लिए चालकों ने एक ही जगह जिप्सियां खड़ी की हुई थी। इसके अलावा कुछ चालक जिप्सी खड़े कर उस पर बैठे हुए थे। जबकि बाघ को देखने के लिए एक निश्चित दूरी होनी चाहिए।
Date : 14-मई-2022
Penned by Reeta Joshi