शिव-पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग शादी के लिए पहुंच रहे हैं | ये स्थल वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है | भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी त्रियुगीनारायण में अपने करीबी के विवाह समारोह में शामिल हुए | इस दौरान उन्होंने इस पवित्र स्थान की जमकर प्रशंसा की और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया | बता दें रुद्रप्रयाग जिले में स्थित शिव और पार्वती का विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मंदिर वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में काफी लोकप्रिय हो रहा है | यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग यहां आकर शादियां कर रहे हैं | हिमालयी प्रदेश उत्तराखंड आदिकाल से पवित्र रहा है, देश व दुनिया के विभिन्न भागों से तीर्थयात्री, पर्यटक और मुसाफिर शांति और आध्यात्म के लिए इस सुरम्य प्रदेश के मंदिरों व तीर्थस्थानों पर आते रहे हैं | इन पवित्र स्थानों के प्रति लोगों की भक्ति और विश्वास इतने प्रगाढ़ हैं कि जन्म से लेकर मृत्यु तक तमाम धार्मिक संस्कारों एवं क्रियाओं के लिए वे उत्तराखंड की धरती पर आते रहते हैं |
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अपने मैनेजर के शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण पहुंचे | वह दो दिन से सीतापुर में एक होटल में रुके थे | सहवाग के मैनेजर अमृतांश व नेहा ने अपनी शादी के लिए शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण को चुना | उन्होंने त्रियुगीनारायण मन्दिर में हिन्दू परम्परा के अनुसार विधि विधान से शादी की |पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने कहा यह स्वर्ग से भी सुंदर स्थान है | उन्होंने कहा यहां भगवान केदारनाथ स्वयं विराजमान हैं | यह उनका सौभाग्य है कि वह यहां पहुंचे हैं | वीरेंद्र सहवाग ने त्रियुगीनारायण मन्दिर पहुंचकर पूजा कर आशीर्वाद लिया | शादी समारोह में शामिल होने के बाद वे देहरादून के लिए रवाना हो गए |
Date : 11-मई-2022
Penned by Reeta Joshi