11 मई को कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 मई के बाद ताजा पश्चिमी विक्षोभ का अनुमान लगाया है। कुमाऊं में रुक-रुककर हो रही बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले दो दिन बारिश की हल्की गतिविधि बने रहने की संभावना है। 10 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तो 11 मई को कहीं कहीं पर बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है। दिन के समय सहती हवा चलेगी। मैदानी इलाकों के तापमान में मामूली तेजी आने की संभावना है। 12 मई से मौसम शुष्क रहने के साथ गर्मी फिर से बढने लगेगी।
नैनीताल को छोड़ पांच जिलों में बारिश का कोटा पूरा
प्री मानसून में मार्च व अप्रैल के दौरान बारिश ने निराश किया। मई शुरुआत में ही मौसम बदल गया। कुमाऊं के अनेक स्थानों पर पिछले पांच दिनों से रुक-रुककर बारिश होने का सिलसिला जारी है। नैनीताल को छोड़ कुमाऊं के पांच जिलों में मई की बारिश का कोटा पूरा हो गया है।
सबसे अधिक बारिश बागेश्वर जिले में हुई है। मौसम विभाग के दीर्घ अवधि के औसत के मुताबिक उत्तराखंड में एक से नौ मई के दौरान 14.8 मिमी बारिश होती है। इस बार 16.3 मिमी बारिश हो चुकी है। कुमाऊं के लिहाज से नैनीताल को छोड़ शेष पांच जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। बागेश्वर में सामान्य से 121 प्रतिशत तो ऊधम सिंह नगर जिले में 113 प्रतिशत अधिक पानी बरसात है। नैनीताल जिले में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
बारिश की वजह से तापमान पर अंकुश लगा रहा। अप्रैल तीसरे, चौथे सप्ताह में 38 से 40 डिग्री पहुंच गया तापमान मई में 33 से 35 डिग्री के आसपास बना रहा। अब इसमें तेजी आने लगी है। सोमवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री व न्यूनतम 25.2 डिग्री रहा। पंतनगर का अधिकतम पारा 36.0 डिग्री व न्यूनतम 23.7 डिग्री रहा। 24 घंटे के दौरान तापमान में 1.5 डिग्री तक की वृद्धि हुई है। इस समय खेतों में लौकी, कद्दू, खीरा, तोरई जैसी बेल वर्गीय सब्जियों के अलावा करेला, भिंडी, गोभी आदि लगाई गई है।
आडू, पुलम, नाशपाती, सेब आदि फल भी लगे हैं। जिला उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार का कहना है कि फल-सब्जी दोनों के लिए बारिश मुफीद साबित होगी। ओलावृष्टि व अंधड़ की संभावना में उद्यमियों को फसलों को बचाने का प्रयास करना चाहिए।
चार धाम में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत गंगोत्री, यमुनोत्री में सोमवार, मंगलवार को हल्की बारिश, तेज हवाओं का अनुमान लगाया है। 11 को मौसम शुष्क रहने के बाद 12, 13 को फिर से बारिश में तेजी रहेगी। बारिश के कारण चारधाम में यात्रियों को ठंड का सामना करना पड़ेगा |
Date : 10-मई-2022
Penned by Reeta Joshi