उत्तराखंड में चंपावत उपचुनाव सियासी केंद्र बना हुआ है। आज पार्टी के तमाम दिग्गजों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नामांकन के लिए पहुंचे हैं। वह यहां जनसभा भी करेंगे। चंपावत में 31 मई को उपचुनाव होना है और तीन जून को नतीजा आएगा। सीएम के सामने कांग्रेस ने महिला प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को मैदान में उतारा है। बता दें, कि धामी को सीएम की कुर्सी पर बने रहने के लिए उपचुनाव जीतना जरूरी है। वह खटीमा से विधानसभा चुनाव हार गए थे |
प्रदेश में इन दिनों राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। चंपावत सीट पर लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने वाले कैलाश गहतोड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए यह सीट छोड़ी थी। चंपावत सीट पर भाजपा ने लगातार दो बार चुनाव जीता। भाजपा के मीडिया प्रभारी मोहन अधिकारी ने दावा किया कि इस सीट पर भाजपा रिकॉर्ड जीत दर्ज करते हुए सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त करेगी। 31 मई को होने वाले उपचुनाव में 96016 वोटर 151 बूथों में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एनएस मेहरा का कहना है कि चंपावत सीट में 50057 पुरुष और 45959 महिला मतदाता हैं।
सीएम धामी के सामने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी
चंपावत उपचुनाव में सीएम धामी को घेरने के लिए कांग्रेस भी तैयार है। लंबी माथापच्ची के बाद कांग्रेस ने चंपावत विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी का चेहरा घोषित कर किया था। चंपावत सीट से निर्मला गहतोड़ी सीएम पुष्कर सिंह धामी के सामने खड़ी हैं। चार मई को उपचुनाव की अधिसूचना जारी हो हुई थी और नामांकन पत्र भी लिए जाने लगे थे, लेकिन कांग्रेस किस चेहरे पर उपचुनाव में दांव लगाएगी, इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया था। इसके बाद निर्मला गहतोड़ी को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने अपने पत्ते खोले।
Date : 9-May-2022
Penned by Reeta Joshi