देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम के कपाट आज खोल दिए गए हैं | आज सुबह 6 बजकर 26 मिनट पर शुभ मुहूर्त में बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए | इस दौरान कड़कड़ाती ठंड में बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई | मंदिर को 15 क्विंटल फूलों से सजाया गया है | केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के दौरान 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद रहे |इसी के साथ अब 6 माह तक भक्त धाम में बाबा के दर्शन एवं पूजा अर्चना कर सकेंगे |
बीते गुरुवार को बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली धाम पहुंची थी | इसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ डोली को मंदिर पास ही विराजमान कर अन्य परंपराओं को पूरा किया गया | शुक्रवार तड़के मुख्य पुजारी केदारलिंग द्वारा बाबा केदार की उत्सव डोली को भोग लगाया गया, उसके पश्चात अन्य पूजाएं संपन्न की गई और फिर डोली को सजाया गया | सारी परंपराएं का निर्वहन हो जाने के बाद केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, वेदपाठियों, पुजारियों हक्क, हकूकधारियों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रौच्चारण के साथ सुबह 6 बजकर 26 मिनट पर बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए और डोली ने मंदिर के भीतर प्रवेश किया| इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा करवाई गई।
पिछले दो वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते यात्रा पर प्रतिबंध रहा, जबकि बाद में भी प्रतिबंध के साथ यात्रा शुरू हुई, जिससे काफी कम संख्या में यात्री दर्शनों को पहुंचे। इस बार उम्मीद की जा रही है | अब तक के सभी रिकार्ड चारधाम यात्रा में आने वाले भक्तों की संख्या के टूट जाएंगे। केदारनाथ धाम समेत यात्रा पड़ावों में सभी होटलों की बुकिंग 15 जून तक लगभग फुल हो चुकी है। हेली टिकट की बुकिंग भी फुल हो चुकी है, जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि भारी संख्या में दर्शनों के लिए भक्त पहुंचेंगे ।
Date : 6-मई-2022
Pinned by Reeta Joshi