श्री गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया शनिवार 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 35 मिनट पर खुलेंगे। आज नवसंवत्सर चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा ( मुखीमठ) में 108 गंगोत्री मंदिर समिति द्वारा मां गंगा भगवती दुर्गा की पूजा अर्चना के पश्चात विधि विधान पंचाग गणना के पश्चात तिथि तथा समय तय किया गया।
मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि इस अवसर पर मां गंगा की उत्सव डोली के धाम प्रस्थान का भी कार्यक्रम तय हुआ। 22 अप्रैल को भैंरो घाटी से मां गंगा की डोली 9.30 बजे प्रात:तक गंगोत्री धाम पहुंच जायेगी तथा 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 35 मिनट पर श्री गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जायेंगे।

यहां यह उल्लेखनीय है कि मां यमुना के कपाट भी अक्षय तृतीया के दिन खुलते है।
चारधाम यात्रा प्रशासन संगठन के विशेष कार्याधिकारी / अपर आयुक्त गढ़वाल नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि चारों धामों में सभी विभागों को यात्रा संबंधित तैयारियां तथा कार्य को 15 अप्रैल तक पूरा किये जाने हेतु गढवाल कमिश्नर/ अध्यक्ष यात्रा प्रशासन संगठन सुशील कुमार द्वारा जिलाधिकारी चमोली , रूद्रप्रयाग तथा उत्तरकाशी को निर्देश के दिये हैं।