महाराष्ट्र के राज्यपाल व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के 80वें जन्मदिन पर नैनीताल के भाजपा कार्यकर्ताओं और कोश्यारी समर्थकों ने खास तैयारी की है। समर्थकों की ओर से बूंदी के 80 किलो के लड्डू तैयार कराया है। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट अपने सियासी गुरु का जन्मदिन मनाने के लिए नैनीताल पहुंच गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर नैनीताल आने की जानकारी भाजपा की ओर से जारी की गई थी। कोश्यारी के सांसद प्रतिनिधि रहे पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज जोशी के अनुसार राज्यपाल कोश्यारी के 26 जून को नैनीताल आने की संभावना थी। फिलहाल उनके आगमन की कोई संभावना नहीं है। जोशी के अनुसार सरस्वती रेस्टोरेंट को 80 किलो के लड्डू तैयार करने का ऑर्डर दिया गया है। सरस्वती रेस्टोरेंट के संचालक गिरीश कांडपाल ने बताया कि कारीगरों ने लड्डू तैयार कर लिया है।
कार्यक्रम श्रीराम सेवक सभा सभागार में आयोजित हो रहा । केंद्रीय मंत्री के अनुसार उन्होंने सुबह ही भगतदा को जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही कहा कि भगतदा ने अपने सियासी जीवन से कार्यकर्ताओं को सिद्धांत, विचारधारा व संयम बरतने की सीख दी है। वह पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की प्रेरणा हैं। भगतदा के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
Date: 17-June-2022
Penned by Reeta Joshi