बता दें की हमला शुरू किए अब 10 दिन हो चुके हैं। इस हमले की वजह से इस्राइल में अब तक 1400 लोगों की जान जा चुकी है। दूसरी तरफ इस्राइल की तरफ से गाजा पट्टी पर किए गए पलटवार में मौतों का आंकड़ा अब 2500 के करीब पहुंच चुका है। यह स्थिति तब है, जब इस्राइल की ओर से गाजा पर सिर्फ हवाई हमले किए गए हैं। बताया गया है कि इस्राइली सेना जल्द ही गाजा पर समुद्र और जमीनी मार्ग से भी हमला कर सकती है। इन स्थितियों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइल को सतर्क रहने और गाजा में किसी तरह के कब्जे को गलत करार दिया है।
वहीं इस्राइल और हमास युद्ध के बीच फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डी सेंटिस का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को गाजा से भागने वाले फलस्तीनी शरणार्थियों को स्वीकार नहीं करना चाहिए। उनकी यह टिप्पणी तब आई है जब इस्राइल द्वारा उत्तरी गाजा के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू करने की आशंका है, जो हमास के नियंत्रण में है। हमास और इस्राइल के संघर्ष में अभी तक कई हजारों लोगों की जान जा चुकी है। स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इस्राइल दावा कर रहा है कि हमास ने कई लोगों को बंधक बना लिया है। ऐसे में, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने हमास से बिना किसी शर्त के बंधकों को तत्काल रिहा करने को कहा है।