ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल होने और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर लाल लिपस्टिक से करीब 3400 किस मार्क्स बनाए गए। यह अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और महज एक दिन में इसे 55 लाख से ज्यादा व्यूज मिलने की बात सामने आई। कार मालिक आदित्य सिकरवार के मुताबिक, उनकी गर्लफ्रेंड ने इंस्टाग्राम पर चल रहे एक विदेशी ट्रेंड से प्रभावित होकर यह किया था। कार को लिपस्टिक के किस मार्क्स से सजाने में करीब साढ़े तीन से चार घंटे का समय लगा।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार के नंबर के आधार पर उसकी पहचान की और थाटीपुर इलाके से वाहन को रिकवर किया। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, युवक को थाने लाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क पर इस तरह की गतिविधि से लोगों का ध्यान भटकने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।
कार्रवाई के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और थाने परिसर में ही कार पर लगे लिपस्टिक के सभी निशानों को खुद पानी से धोकर साफ किया। यानी जिस रील के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल होने की कोशिश की गई, उसी रील ने पुलिस तक पहुंचा दिया। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर कुछ अलग करने और वायरल होने की कोशिश अगर सार्वजनिक जगह पर नियमों को नजरअंदाज करके की जाए, तो उसके नतीजे सिर्फ लाइक्स और व्यूज तक सीमित नहीं रहते।