रुद्रपुर : शहर के एक ट्रांसपोर्टर के खाते से 11 लाख रुपये निकल गए। बैंक ट्रांजेक्शन की डिटेल पता चलने पर ट्रांसपोर्टर और व्यापारियों ने निजी बैंक में पहुंचकर शिकायत करते हुए हंगामा किया। बैंक प्रबंधक ने दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए रुपये का गेटवे लॉक करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आदर्श कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर मोहित बब्बर सोमवार को व्यापारियों के साथ सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक की शाखा में पहुंचे। मोहित ने बताया कि उनके खाते से चार बार रुपये का ट्रांजेक्शन दूसरे खाते में हुआ है। इसकी सूचना उन्हें नहीं मिली और न ही उनके पास कोई ओटीपी और रुपये कटने का कोई मैसेज आया। बताया कि वह मोबाइल बैंकिंग का भी इस्तेमाल नहीं करते हैं। बताया कि खाते से कुल 11 लाख रुपये कट गए हैं।
बैंक प्रबंधक ने व्यापारियों से एक घंटे का समय मांगकर दूसरे खाते में पहुंचे रुपये का गेटवे बंद करने की कार्यवाही की। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि यह बैंक की घोर लापरवाही है। अगर पीड़ित के खाते में जल्द से जल्द रुपये नहीं लौटे तो व्यापारी बैंक के आगे धरना-प्रदर्शन करेंगे। देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि इस मामले को लेकर बैंक प्रबंधक को बताया गया है, वह अपने स्तर से प्रयास कर रहे हैं। बैंक प्रबंधक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि खाते में किस तरह से फ्रॉड हुआ है इसकी जांच की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए –
👉 News31 Uttarakhand व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें।
👉 News31 Uttarakhand यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें।
👉 News31 Uttarakhand फेसबुक पेज़ को लाइक करें।