प्रयागराज जिले के संगम तट पर आयोजित महाकुंभ का आज तीसरा दिन है. हर रोज करोड़ों लोग त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा रहे हैं. आपको बता दे मंगलवार को पहला अमृत स्नान था, जिसमें साधु-संतों के साथ तीन करोड़ से अधिक लोगों ने डुबकी लगाई. दरअसल महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू हुआ है, जो की 26 फरवरी को खत्म होगा. वही इस दौरान कुल 6 स्नान हैं, जिसमें से तीन अमृत स्नान हैं। लेकिन जहा एक तरफ महाकुंभ की शुरुआत हुई है और पुरे सोशल मीडिया में महाकुंभ की तस्वीरें सांझा की जा रही है तो वही दूसरी तरफ सोशल मीडिया में अफवाओं का दौर भी शुरू हो गया है। दरअसल महाकुंभ में श्रद्धालुओं की मौत की झूठी सूचना फैलाने का मामला सामने आया है. जिसके बाद आजमगढ़ के एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. आपको बता दे आरोपी युवक राकेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट किया. जिसमें ये अफवाह फैलाई गयी कि महाकुंभ में ठंड लगने से 11 श्रद्धालुओं की हार्ट अटैक से मौत हो गई.
इसके साथ ही उसने ये भी लिखा कि आपातकालीन आईसीयू कैंप मरीजों से खचाखच भरे हुए हैं और इस पोस्ट के वायरल होते ही प्रयागराज से लेकर आजमगढ़ तक माहौल गरमा गया. लेकिन सोशल मीडिया पर फैली इस अफवाह से स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और इसकी जांच शुरू कर दी. साथ ही पुलिस ने मामले का खंडन करते हुए बताया कि ये सूचना पूरी तरह से झूठी है और किसी भी तरह की ऐसी कोई घटना घटित नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राकेश यादव आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र का निवासी है, जो वर्तमान में सऊदी अरब में रह रहा है. हालांकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पासपोर्ट निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.