यूजीसी बिल के विरोध में रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा और फिरोजाबाद में प्रदर्शन के दौरान माहौल गरमा गया। आगरा में प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला, जबकि फिरोजाबाद में बड़ी संख्या में लोग गांधी पार्क में जुटे और जिला मुख्यालय की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान विवेकानंद चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद बैरिकेडिंग हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनका ज्ञापन छीन लिया। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। झड़प में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
फिरोजाबाद में पुलिस कार्रवाई से नाराज प्रदर्शनकारियों ने विवेकानंद चौराहे पर नारेबाजी करते हुए धरना दिया और बाद में गांधी पार्क में भी प्रदर्शन जारी रखा। बताया जा रहा है कि घायलों में से दो लोगों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। वहीं, आगरा में यूजीसी मुक्ति मोर्चा की ओर से जलेसर रोड स्थित मुड़ी चौराहे से कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर मार्च और सभा का ऐलान किया गया था। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर लेकर खेतों के रास्ते आगे बढ़ गए। यूजीसी बिल के विरोध में आयोजित इन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव देखने को मिला।