दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विपिन सांघी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद 19 जून को विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से नियुक्ति आदेश का गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट की कोलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विपिन सांघी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य 17 मई को थी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाए गए न्यायमूर्ति विपिन सांघी का जन्म 27 अक्तूबर 1961 को नागपुर में हुआ था।
वर्ष 1965 में उनका परिवार नागपुर से दिल्ली आ गया। दिल्ली में स्कूली शिक्षा प्राप्त की और वर्ष 1980 में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड से इंटर उत्तीर्ण किया। उन्होंने 1983 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी गणित(ऑनर्स) में स्नातक किया और उसके बाद लॉ फैकल्टी, कैंपस लॉ सेंटर, दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी किया। उसी वर्ष एक वकील के रूप में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण कराया। उनके दादा स्वर्गीय वीके सांघी और पिता स्वर्गीय जीएल सांघी, वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं।
जस्टिस सांघी ने प्रारंभ में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी के साथ कार्य किया। वे पैनल वकील के रूप में भी नियुक्त हुए। दिसंबर 2005 में उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने कई अंतर्राष्ट्रीय कानूनी सम्मेलनों में भाग लिया है। 29 मई 2006 को वह दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायमूर्ति के रूप में नियुक्त हुए और 11 फरवरी 2008 न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति हुई।
Date: 20-June-2022
Penned by Reeta Joshi