उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट, पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

By New31 Uttarakhand

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओले पड़ने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम का असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है, जहां 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और राहत-बचाव दलों को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना दी जा सकती है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.