लालकुआं के हल्दूचौड़ स्थित मदरसन कंपनी के बाहर उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मजदूरों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में श्रमिकों के समर्थन में कई संगठनों के प्रतिनिधि और समाजसेवी भी शामिल हुए, जिससे मौके पर भीड़ तेजी से बढ़ने लगी।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए।
इसी बीच RTI कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने चोरगलिया थाने में तैनात कोतवाल हरपाल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कोतवाल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, उनकी गर्दन दबाने की कोशिश की और उन्हें अलग ले जाकर जान से मारने की धमकी दी। पीयूष जोशी के अनुसार, वह लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।घटना के बाद उन्होंने अपना मेडिकल परीक्षण कराया और पुलिस महानिदेशक को लिखित शिकायत भेजकर कोतवाल हरपाल सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।