हरिद्वार में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ यात्रियों की जान चली गई। दोनों युवक हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। इसी दौरान पास में रखे भारी लोहे के गाटरों में से एक अचानक खिसक गया और दोनों के ऊपर आ गिरा। गाटर के नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही उनके साथ चल रहे अन्य कांवड़ यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान तनुज कुमार (21) निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर (जिला गाजियाबाद) और कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर, मोदीनगर, थाना भोजपुर (जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, जिला अधिकारी (डीएम) ने भी पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।