उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में एक डिलीवरी कंपनी के स्टोर में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय स्टोर का शटर बाहर से बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर आराम कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सबसे पहले पास के एक अन्य डिलीवरी सेंटर के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें देखीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन शटर बंद होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित की मौत हो चुकी थी। इस भीषण आग में लाखों रुपये का सामान, डिलीवरी पार्सल, चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और एक मालवाहक टेंपो भी जलकर राख हो गए। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।