राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के नंद नगरी इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नंद नगरी फ्लाईओवर से उतर रही एक टूरिस्ट बस ने लालबत्ती पर खड़े कई वाहनों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद भी बस नहीं रुकी और कई वाहनों को अपने साथ काफी दूर तक घसीटती चली गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय लालबत्ती पर कई वाहन खड़े थे। तभी यूपी नंबर की एक टूरिस्ट बस फ्लाईओवर से नीचे उतरी और अचानक अनियंत्रित हो गई।
बस ने पहले एक कैब को टक्कर मारी, फिर तीन बाइकों समेत कई अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक बस के पहिए में फंस गई और बस उसे काफी दूर तक घसीटती हुई ले गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को निजी वाहनों की सहायता से जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब छह लोग घायल हो गए। अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के कारण पूरे इलाके में लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने बस, एक कैब और तीन क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक की पहचान करने और घायलों के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ या फिर बस के ब्रेक फेल हो गए थे। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर भारी वाहनों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।