बिहार के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुआ बवाल सिर्फ ट्रेन लेट होने का मामला नहीं है, बल्कि यह उस बढ़ते आक्रोश की तस्वीर है जो देश के युवाओं के भीतर लगातार जमा होता जा रहा है। मद्य निषेध विभाग भर्ती परीक्षा देने जा रहे हजारों छात्र समय पर स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन एग्जाम स्पेशल ट्रेन की देरी और पर्याप्त व्यवस्था न होने से हालात बेकाबू हो गए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया।पुलिसकर्मियों ने जैसे ही आक्रोशित छात्रों और अभ्यर्थियों को कंट्रोल करने का प्रयास किया, वे हिंसक हो गए और पथराव करने लगे। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
चेतावनी देते हुए फायरिंग की और लाठीचार्ज भी किया।इस टकराव में IG जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें लगीं। मौके पर तनाव है और भारी पुलिस बल तैनात है।छात्रों का कहना है कि अगर वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाए तो उनकी महीनों नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। यही डर और बेचैनी उनके गुस्से की सबसे बड़ी वजह बनी। एक ओर युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, तो दूसरी ओर उनके मां-बाप की उम्मीदें भी दांव पर लगी हैं।देश के लाखों परिवार अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। कोई किसान कर्ज लेता है, कोई मजदूर अतिरिक्त काम करता है, तो कई मांएं अपने गहने तक गिरवी रख देती हैं ताकि उनका बच्चा पढ़-लिखकर नौकरी पा सके। लेकिन जब परीक्षा के दिन ही व्यवस्था जवाब दे देती है, तो सिर्फ एक छात्र नहीं, बल्कि पूरे परिवार का सपना टूटता है।
पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुई हिंसा के बारे में IG जितेंद्र राणा ने बताया कि करीब 200-250 छात्र ट्रेन को रवाना होने से रोक रहे थे। जब पुलिस ने RPF-GRP और जिला पुलिस बल के साथ मिलकर रेलवे ट्रैक खाली कराने और छात्रों को समझाने का प्रयास किया तो उनमें से कुछ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। रेलवे प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत स्पेशल ट्रेनें चलाई दी हैं, ताकि छात्र एग्जाम के लिए पहुंचें।पाटलिपुत्र स्टेशन की घटना यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक युवा अव्यवस्थाओं का बोझ उठाते रहेंगे? कब तक उनके भविष्य के साथ लापरवाही होती रहेगी? युवाओं का गुस्सा गलत हो सकता है, हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है, लेकिन इस गुस्से के पीछे छिपी पीड़ा और निराशा को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
आज जरूरत सिर्फ व्यवस्था संभालने की नहीं, बल्कि उन सपनों को बचाने की है जिनके भरोसे लाखों परिवार अपने बच्चों का भविष्य संवारने की कोशिश कर रहे हैं। क्योंकि जब युवाओं की उम्मीदें टूटती हैं, तो सिर्फ एक परीक्षा नहीं छूटती, बल्कि देश का भविष्य भी कमजोर पड़ता है।