उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन के लिए लगी कतार में अचानक अफरा-तफरी मच गई। करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। नीलकंठ द्वार के पास हुई इस घटना में करीब छह श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद घायलों और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कई लोगों को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अफरा-तफरी के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण गुजरात के हरिश्चंद्र के पैरों में गंभीर चोट आई है। अन्य श्रद्धालुओं को भी चोटें आईं और उनका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई, लेकिन बाद में स्थिति को संभाल लिया गया। फिलहाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था सुचारू बताई जा रही है और सुरक्षा बल भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हैं।