उत्तराखंड में महंगाई ने एक बार फिर लोगों की जेब पर सीधा वार किया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 दिनों के भीतर तीसरी बार बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस बार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। देहरादून में अब पेट्रोल की कीमत करीब 108 रुपये 45 पैसे प्रति लीटर और डीजल 93 रुपये 23 पैसे प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ रही कीमतों का असर अब सिर्फ वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते भारत में ईंधन महंगा हो रहा है। राज्य के लोगों का कहना है कि पहले ही महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी के लिए यह बढ़ोतरी बड़ी परेशानी बनती जा रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से अब परिवहन खर्च भी बढ़ेगा, जिसका असर सब्जियों से लेकर जरूरी सामान तक हर चीज पर दिख सकता है। ऐसे में लोगों की निगाहें अब सरकार पर टिकी हैं कि क्या आने वाले दिनों में राहत मिलेगी या महंगाई का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।