हल्द्वानी के राजेंद्र नगर राजपुरा क्षेत्र में एक ओर आसमान से मूसलाधार बारिश हो रही थी, तो दूसरी ओर लोग पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे थे। इसी विरोधाभास ने क्षेत्रवासियों का सब्र तोड़ दिया और भारी बारिश के बीच लोग छाते लेकर सड़कों पर उतर आए। पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ जोरदार रैली निकालते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे करीब 50 परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोगों का कहना है कि बारिश के बीच भी उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा।
पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू ने बताया कि नाले के भीतर से गुजर रही पुरानी पेयजल पाइपलाइन को हटाकर नई लाइन बिछाने की स्वीकृति काफी पहले मिल चुकी है और इसके लिए लगातार प्रयास भी किए गए, लेकिन ठेकेदार और जल संस्थान की लापरवाही के कारण आज तक काम शुरू नहीं हो सका। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं हुआ और लोगों को पेयजल संकट से राहत नहीं मिली, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल संस्थान और संबंधित विभाग की होगी। प्रदर्शन के दौरान भारी बारिश भी लोगों के हौसले को नहीं डिगा सकी और क्षेत्रवासी घंटों तक अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। बाद में विभागीय अधिकारियों ने जल्द पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग अपना वादा कब तक पूरा करता है और आखिरकार क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत कब मिलती है।