श्रीलंका दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस 18 सदस्यीय टीम में पाकिस्तानी लेग स्पिनर यासिर शाह की तकरीबन 1 साल बाद वापसी हो गई है। यासिर पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के बाद से अपनी फिटनेस लेकर जूझ रहे हैं। उन्होंने सात साल पहले श्रीलंका में 24 विकेट चटकाकर पाकिस्तान की 2-1 की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

आपको बता दें कि यासिर शाह ने टीम में आफ स्पिनर साजिद खान की जगह ली है जो आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली घरेलू टेस्ट श्रृंखला में खेले थे। पाकिस्तान ने यह श्रृंखला 0-1 से गंवाई थी। इसके अलावा डेब्यू का इंतजार कर रहे आलराउंडर सलमान अली आगा और बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज को भी टीम में शामिल किया गया है। पहला टेस्ट गॉल में 16 से 20 जुलाई तक होगा जबकि कोलंबो दूसरे टेस्ट की मेजबानी 24 से 28 जुलाई तक करेगा। पाकिस्तान की टीम छह जुलाई को श्रीलंका रवाना होगी और 11 से 13 जुलाई तक तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
Date: 23-June-2022
Penned by Tanuja Bhauryal