छात्रों के लिए खुशखबरी : 10वीं के नतीजे आए बिना छात्रों को कल से 11वीं में मिलेगा प्रवेश, शिक्षा निदेशक ने जारी किए निर्देश

By New31 Uttarakhand

हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा दे चुके छात्र रिजल्ट से पहले भी 11वीं में एडमिशन ले सकते हैं। इस सत्र में पढ़ाई सुचारू रखने के लिए सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। ऐसे छात्रों को प्रोविजनल एडमिशन दिया जाएगा। यदि वो बोर्ड परीक्षा में पास हो जाते हैं उनका कक्षा-11 में एडमिशन मान्य रहेगा। फेल होने वाले छात्रों का एडमिशन निरस्त कर दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक आर०के०कुंवर ने इसके आदेश किए। कुंवर ने बताया कि इस साल हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्रों को प्रोविजनल एडमिशन दिया जाएगा। सभी अपर निदेशक और सीईओ को इस बाबत दिशा निर्देश जारी कर दिए गए। ऐसे छात्रों के अभिभावकों से यह प्रमाणपत्र लेना होगा कि पास होने पर ही उनके बच्चे का एडमिशन कक्षा 11 में मान्य होगा।

जो छात्र हाईस्कूल के बाद स्कूल बदलना चाहते हैं, उन्हें भी राहत दी गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक के अनुसार ऐसे छात्रों को अपने मूल स्कूल के प्रधानाचार्य से बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का प्रमाण पत्र लेना होगा। इसके आधार पर दूसरे स्कूल में प्रोविजनल एडमिशन मिल जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र को अंक पत्र और मूल स्कूल से स्थानान्तरण पत्र लेकर नए स्कूल में जमा भी कराना होगा। इसके बाद एडमिशन नियमित हो जाएगा।

शिक्षा निदेशक की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि 10वीं की परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं को शैक्षिक सत्र 2022-23 में अनुबन्ध के आधार पर प्रवेश दिया जाए। निर्देश में कहा गया है कि यदि संबंधित छात्र-छात्राएं हाईस्कूल की परीक्षा पास कर लेती हैं तो उनका प्रवेश नियमित कर दिया जाएगा। जबकि फेल होने पर उनका 11वीं में औपबंधिक प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा। 

शिक्षा निदेशक की ओर से कहा गया है कि छात्र-छात्राएं जिस स्कूल से हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए हैं, उस स्कूल के अलावा किसी अन्य स्कूल में प्रवेश लेना चाहेंगे तो मूल स्कूल के प्रधानाचार्य से हाईस्कूल की परिषदीय परीक्षा-2022 में शामिल होने का प्रमाण पत्र प्राप्त कर प्रस्तुत करना होगा। जिस आधार पर उसे दूसरे स्कूल में औपबंधिक प्रवेश दिया जा सकेगा। ऐसे छात्र-छात्राओं को हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में पास होने पर अंकपत्र सह प्रमाणपत्र एवं स्थानांतरण प्रमाण पत्र मूल विद्यालय से प्राप्त कर प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद उनका प्रवेश नियमित किया जाएगा।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.