Mulayam Singh Yadav Death: यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज सुबह (10 अक्टूबर) निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनका बीते कई दिनों से मेदांता में इलाज चल रहा था और हालत काफी नाजुक थी… मुलायम सिंह 82 साल के थे और मेदांता के आईसीयू में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे।
मुलायम सिंह की तबीयत बीते कई दिनों से गंभीर बनी हुई थी… उन पर दवाओं का असर नहीं हो रहा था। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी और उनकी किडनी भी सामान्य तरीके से काम नहीं कर रही थी… तबीयत बिगड़ने पर उनके ऑक्सीजन के लेवल को भी बढ़ाया गया था और वेंटिलेटर पर वह लगातार डॉक्टरों की टीम की निगरानी में थे।
सैफई के किसान परिवार में हुआ था जन्म
मुलायम सिंह यादव 3 बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री रहने के अलावा देश के रक्षा मंत्री भी रहे थे। उनके बेटे अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में एक किसान परिवार में हुआ था… उस समय देश में ब्रिटिश शासन था और उत्तर प्रदेश को संयुक्त प्रांत या यूनाइटेड प्रॉविन्सेज के नाम से जाना जाता था।
मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह के पुत्र पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके भाई रामगोपाल यादव से फोन पर बात की और संवेदनाएं व्यक्त की।