हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पानी की निर्माणाधीन भूमिगत टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा गौलापार की कुंवरपुर न्याय पंचायत के मानपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय धर्मेंद्र बिष्ट टंकी की शटरिंग खोलने के दौरान सीढ़ी के सहारे अंदर उतरे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। उन्हें देखने के लिए उनके छोटे भाई 40 वर्षीय खुशाल सिंह भी टंकी में उतरे, लेकिन वह भी अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। जब दोनों बेटों की कोई आवाज नहीं आई तो उनकी 65 वर्षीय मां सरस्वती देवी भी चिंता में टंकी के अंदर उतर गईं और वह भी अचेत हो गईं।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय सब्जी विक्रेता भोज राम ने भी तीनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन टंकी में उतरते ही वह भी गैस से बेहोश हो गए। बाद में ग्रामीणों ने चारों को बाहर निकाला और तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान भोज राम की जान बच गई, लेकिन धर्मेंद्र बिष्ट, खुशाल सिंह और उनकी मां सरस्वती देवी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी, हालांकि शुरुआती आशंका टंकी में जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने की है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।