5 दिन बाद घने जंगल से सकुशल मिली लापता युवती, पुलिस-एसडीआरएफ ने ऐसे बचाई जान

By New31 Uttarakhand

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से राहत भरी खबर सामने आई है। रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से करीब एक सप्ताह पहले लापता हुई 28 वर्षीय युवती को पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। लगातार बारिश, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पांच दिन तक चले सघन सर्च अभियान के बाद मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता चला। प्राथमिक उपचार देने के बाद रेस्क्यू टीम ने युवती को स्ट्रेचर के सहारे करीब छह किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस के जरिए उसे राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया। युवती के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, रानीखेत निवासी गिरीश पुजारी ने तीन जुलाई को अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया कि युवती एक जुलाई की शाम घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और ड्रोन कैमरों की भी मदद ली गई। आखिरकार मंगलवार शाम सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर घने जंगल में युवती सुरक्षित मिली। फिलहाल उसका उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.