उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव से करीब 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में कुल पांच श्रद्धालु सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के बरेली से उत्तराखंड घूमने आए थे। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांचों लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस, SDRF और SSB की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और राहत कार्य की निगरानी करते रहे। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया जारी है। पुलिस प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। शुरुआती आशंका वाहन के नियंत्रण खोने की बताई जा रही है, हालांकि तकनीकी खामी समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित यात्रा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।