हल्द्वानी में पनचक्की चौराहे से मुखानी चौराहे को जोड़ने वाली सड़क पर अंबिका विहार के पास आज एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में सुरेश पांडेय नामक व्यक्ति की ट्रक के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वहां USDDA द्वारा बनाए गए बड़े-बड़े खुले सीवर चैम्बर और अधूरे टैंक लंबे समय से खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर जगह-जगह खुले चैम्बर और टूटी संरचनाओं के कारण आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है, और यही लापरवाही इस जानलेवा हादसे की सबसे बड़ी वजह बनी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग इसे सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बता रहे हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी कई बार अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इसी को लेकर 23 फरवरी 2026 को सुबह 11:30 बजे पलक बैंकेट हॉल के पास USDDA कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। लोगों का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही का नतीजा है, और अगर अब भी खुले सीवर चैम्बरों को सुरक्षित नहीं किया गया, तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी।