लोग आराम से खाना खा रहे थे, स्टाफ अपने काम में जुटा था… तभी अचानक रेस्टोरेंट से धुएं का गुबार उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे परिसर को घेर लिया।” हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित एक रेस्टॉरेंट में शनिवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही नैनीताल रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान में जुट गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी ग्राहक व कर्मचारी सुरक्षित हैं। हालांकि आग की वजह से रेस्टोरेंट के अंदर रखा फर्नीचर, किचन का सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई, जिससे भारी नुकसान होने का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि फायर विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।